आज भारत दौरे पर आ रहे सऊदी के प्रिंस मोहम्मद, रणनीतिक संबंधों पर होगी बात

आज भारत दौरे पर आ रहे सऊदी के प्रिंस मोहम्मद, रणनीतिक संबंधों पर होगी बात
पाकिस्तान में 20 अरब डॉलर का समझौता करने के बाद भारत आ रहे सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की यह यात्रा दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों के लिहाज से बेहद अहम होगी। माना जा रहा है कि यह यात्रा परस्पर संबंधों को मजबूती देने के अलावा आतंकवाद पर पाकिस्तान को भी संदेश देने में कामयाब होगी।
उच्च पदस्थ अधिकारियों का कहना है कि भारत का सऊदी अरब से संबंध ज्यादा परिपक्व व मजबूत बुनियाद पर टिका है। यह किसी देश से मदद लेने या देने तक सीमित नहीं है।
आतंक के मुद्दे पर होगा फोकस
इस यात्रा में व्यापार व निवेश के अलावा द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों की मजबूती पर विशेष फोकस किया जाएगा। पुलवामा हमले के बाद की स्थिति और आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और क्राउन प्रिंस के बीच खास तौर पर चर्चा हो सकती है। जानकारों का कहना है कि सऊदी अरब कश्मीर और आतंकवाद के मामले में भारत के दृष्टिकोण को बेहतर तरीके से समझता है। सूत्रों ने कहा, भारत का मानना है कि सऊदी अरब की ओर से पाकिस्तान को दी जाने वाली मदद में भी कटौती की जानी चाहिए, ताकि वह इसका इस्तेमाल अपनी जमीन पर आतंकवाद को बढ़ावा देने में न कर सके।
निवेश में भारत-पाक की तुलना नहीं
सऊदी प्रिंस की ओर से पाकिस्तान को दी गई मदद पर उच्च पदस्थ अधिकारियों ने कहा कि निवेश को लेकर भारत और पाकिस्तान की कोई तुलना नहीं हो सकती। सऊदी अरब का पाकिस्तान में निवेश का मतलब है उसे राहत पहुंचाना। मगर, भारत में उनका निवेश एक मजबूत अर्थव्यवस्था में भागीदार बनना है। चीन,अमेरिका और जापान के बाद सऊदी अरब भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक सहयोगी है।
साझा नौसेना अभ्यास पर विचार
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और सऊदी अरब के बीच संबंधों में क्रांतिकारी बदलाव आया है। दोनों देश साझा नौसेना अभ्यास पर भी विचार कर रहे हैं।
पाक से सीधे नहीं आए भारत
पहले माना जा रहा था कि सऊदी क्राउन प्रिंस पाकिस्तान की यात्रा समाप्त करके सीधे भारत आएंगे। मगर, पाकिस्तान दौरे के बाद वह वापस रियाद चले गए। वहां से मंगलवार शाम को वह भारत पहुंचेंगे।

Comments

Popular posts from this blog

10th HERO pulled job to 12th, salary Rs 40 thousand

महिलाओं के परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दे सरकार : सैनी

चावल के साथ आप रोजाना खा रहे हैं जहर, हो सकती हैं कैंसर जैसी कई गंभीर बीमारियां